परिवार में बढ़ती दूरियों के प्रमुख कारण
सुबह घर में सभी लोग मौजूद हैं। कोई जल्दी-जल्दी कार्यालय जाने की तैयारी कर रहा है, कोई बच्चों को स्कूल भेजने में व्यस्त है, कोई मोबाइल पर जरूरी संदेश देख रहा है और कोई अपने कमरे में बैठकर ऑनलाइन काम कर रहा है। शाम को सब वापस भी आ जाते हैं। घर का दरवाजा खुलता है, लोग आते-जाते हैं, टीवी चलता है, मोबाइल चलते हैं, खाना भी बनता है और कई बार पूरा परिवार एक ही कमरे में बैठा दिखाई देता है। परिवार में बढ़ती दूरियाँ, क्यों?
परिवार में बढ़ती दूरियाँ आज अनेक घरों की एक गंभीर समस्या बनती जा रही हैं। एक ही छत के नीचे रहने के बावजूद परिवार के सदस्य भावनात्मक रूप से एक-दूसरे से दूर क्यों होते जा रहे हैं? इसके पीछे बदलती प्राथमिकताएँ, संवाद की कमी और जीवन का बढ़ता दबाव जैसे कई कारण हो सकते हैं।
परिवार में बढ़ती दूरियाँ केवल बातचीत कम होने का परिणाम नहीं हैं, बल्कि बदलती प्राथमिकताओं, व्यस्त दिनचर्या और भावनाओं को व्यक्त न कर पाने से भी जुड़ी होती हैं।
फिर भी मन में एक सवाल उठता है- ’’क्या ये लोग वास्तव में एक-दूसरे के साथ हैं?’’
आज भारतीय परिवार की एक बड़ी विडंबना यही है कि घरों में दूरी कम हुई है, लेकिन दिलों की दूरियाॅ बढ़ गई है। एक ही छत के नीचे रहने वाले लोग एक-दूसरे की दिनचर्या जानते हैं, लेकिन एक-दूसरे के मन की स्थिति से अनजान होते जा रहे हैं। उन्हें पता होता है कि कौन कहाँ गया, क्या खरीदा और किस काम में व्यस्त है, लेकिन यह पता नहीं होता कि घर का अपना व्यक्ति भीतर से खुश है या परेशान।
यह बदलाव केवल परिवारों की कमजोरी नहीं है। इसके पीछे बदलती जीवनशैली, आर्थिक दबाव, समय की कमी, तकनीक, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और सबसे बढ़कर ’’संवाद की बदलती संस्कृति’’ का बड़ा योगदान है।
घर में बातचीत तो है, लेकिन संवाद कम है-
बातचीत और संवाद में अंतर है। “खाना खा लिया?” “बच्चों की फीस जमा कर दी?” “बाजार से सामान ले आना।” “कल कितने बजे निकलना है?”
ये सब बातचीत हैं, लेकिन जरूरी नहीं कि इन्हें संवाद कहा जाए। संवाद तब होता है जब कोई पूछे कि “आज तुम्हारा दिन कैसा रहा?” और सामने वाला बिना डर या झिझक अपनी बात कह सके।
आज परिवारों में आवश्यक कामों से जुड़ी बातचीत तो होती है, लेकिन मन की बात करने का समय कम होता जा रहा है। पति-पत्नी घर के खर्च और बच्चों की पढ़ाई पर चर्चा कर लेते हैं, लेकिन अपनी थकान, चिंता, असुरक्षा या भावनात्मक जरूरतों पर बात नहीं कर पाते। माता-पिता बच्चों के अंक और करियर पूछते हैं, लेकिन यह पूछना भूल जाते हैं कि उनके मन में क्या चल रहा है। धीरे-धीरे घर में लोग एक-दूसरे के ’’साथ रहने वाले व्यक्ति’’ तो बने रहते हैं, लेकिन ’’मन की बात साझा करने वाले साथी’’ नहीं रह जाते।
समय की कमी है या प्राथमिकताओं की?
आज की जिंदगी सचमुच व्यस्त है। नौकरी और व्यवसाय की प्रतिस्पर्धा, लंबी यात्राएँ, घर की जिम्मेदारियाँ, बच्चों की पढ़ाई और आर्थिक आवश्यकताएँ व्यक्ति को लगातार व्यस्त रखती हैं।
लेकिन इसका एक दूसरा पहलू यह है कि हमारे पास समय बिल्कुल समाप्त नहीं हुआ है, हमारी प्राथमिकताएँ बदल गई हैं। हम किसी मोबाइल स्क्रीन पर घंटों बिता सकते हैं, मनोरंजन के लिए समय निकाल सकते हैं, सोशल मीडिया पर लोगों की जिंदगी देख सकते हैं, लेकिन कई बार अपने ही परिवार के सदस्य के साथ दस मिनट बैठना कठिन लगता है।
इसका अर्थ यह नहीं कि मोबाइल या मनोरंजन गलत हैं। समस्या तब पैदा होती है जब ’’तकनीक हमारे समय की मालिक बन जाए और परिवार उस समय का बचा हुआ हिस्सा।’’ परिवार को बचा हुआ समय नहीं, प्राथमिकता वाला समय चाहिए।
मोबाइल ने दूरी पैदा की या हमारी दूरी को दिखाया?
परिवार में बढ़ती दूरी की चर्चा होते ही मोबाइल और सोशल मीडिया को दोष देना आसान है। लेकिन तकनीक केवल एक माध्यम है। असली सवाल यह है कि हम उसका इस्तेमाल कैसे कर रहे हैं।
यदि परिवार साथ बैठकर किसी उपयोगी विषय पर बात करता है, ऑनलाइन जानकारी साझा करता है या दूर रहने वाले रिश्तेदारों से जुड़ा रहता है, तो तकनीक परिवार को जोड़ती है। लेकिन जब एक ही कमरे में बैठे चार लोग चार अलग-अलग स्क्रीन में खो जाएँ, तब समस्या तकनीक से ज्यादा ’’मानवीय जुड़ाव की प्राथमिकता’’ की है।
कई बार व्यक्ति सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएँ व्यक्त करने में सहज महसूस करता है, लेकिन घर में अपनी बात कहने से डरता है कि कहीं उसे डाँट न मिले, मजाक न बनाया जाए या उसकी बात को महत्वहीन न समझ लिया जाए। यह स्थिति हमारे लिए विचारणीय है।
अपेक्षाएँ बढ़ीं, धैर्य घटा
परिवार के रिश्तों में दूरी का एक बड़ा कारण बढ़ती अपेक्षाएँ भी हैं। पति चाहता है कि पत्नी उसे समझे। पत्नी चाहती है कि पति उसकी मेहनत और भावनाओं को समझे। माता-पिता चाहते हैं कि बच्चे उनकी बात मानें। बच्चे चाहते हैं कि माता-पिता उनकी स्वतंत्रता और भावनाओं को समझें। अपेक्षा अपने आप में गलत नहीं है। समस्या तब पैदा होती है जब ’’अपेक्षा एकतरफा हो जाती है।’’
हम चाहते हैं कि हर दूसरा हमें समझे, लेकिन क्या हम सामने वाले के व्यवहार को समझने की कोशिश भी करते हैं? हम चाहते हैं कि दूसरा हमारी बात धैर्य से सुने, लेकिन उसकी बात सुनने का धैर्य हमारे पास नहीं होता। यही वह जगह है जहाँ रिश्तों में शिकायतें जमा होने लगती हैं।
याद रखें एक दिन की नाराजगी रिश्ते नहीं तोड़ती। लेकिन वर्षों तक जमा होती छोटी-छोटी शिकायतें रिश्तों के बीच ऐसी दीवार बना सकती हैं जिसे दोनों पक्ष महसूस तो करते हैं, पर तोड़ने की पहल कोई नहीं करता।
परिवार में हर व्यक्ति की अपनी दुनिया बन गई है
पहले परिवार की दिनचर्या काफी हद तक साझा हुआ करती थी। आज प्रत्येक व्यक्ति की अपनी अलग दुनिया है। बच्चों के अपने दोस्त और डिजिटल प्लेटफॉर्म हैं। युवाओं की अपनी सामाजिक और पेशेवर दुनिया है। पति-पत्नी दोनों के अपने काम और सामाजिक दायरे हैं। बुजुर्गों की अपनी चिंताएँ और अपेक्षाएँ हैं।
यह व्यक्तिगत दुनिया होना गलत नहीं है। हर व्यक्ति को निजी समय और व्यक्तिगत स्वतंत्रता की जरूरत होती है। समस्या तब होती है जब ’’व्यक्तिगत दुनिया और पारिवारिक दुनिया के बीच कोई पुल ही न बचे।’’ परिवार का अर्थ यह नहीं कि हर व्यक्ति अपनी स्वतंत्रता छोड़ दे। परिवार का अर्थ यह है कि स्वतंत्रता के साथ जुड़ाव भी बना रहे।
पीढ़ियों का अंतर भी एक बड़ी वजह है
आज एक ही परिवार में तीन पीढ़ियाँ कई बार बिल्कुल अलग-अलग सामाजिक अनुभवों के साथ रह रही हैं। बुजुर्गों के लिए अनुशासन, धैर्य और परिवार सर्वोपरि रहे हैं। नई पीढ़ी व्यक्तिगत स्वतंत्रता, समानता और अपने निर्णय को महत्व देती है। बीच की पीढ़ी दोनों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करती है।
टकराव स्वाभाविक है। समस्या तब होती है जब एक पीढ़ी दूसरी को गलत समझने लगती है। बुजुर्ग कहते है- “आज के बच्चों में संस्कार नहीं हैं।” युवा कहते हैं- “पुराने लोग हमारी सोच समझना ही नहीं चाहते।”
दोनों के बीच कुछ शिकायतें वास्तविक और स्वभाविक हो सकती हैं, लेकिन दोनों के दृष्टिकोण में कुछ सीमाएँ भी तो हो सकती हैं। समाधान यह नहीं कि कोई एक पीढ़ी पूरी तरह बदल जाए। समाधान यह है कि ’’दोनों पीढ़ियाँ एक-दूसरे को समझने का प्रयास करें।’’
आर्थिक तनाव रिश्तों को भी प्रभावित करता है
परिवार में आर्थिक स्थिति का सीधा असर रिश्तों पर पड़ता है।महंगाई, नौकरी की असुरक्षा, कर्ज, बच्चों की शिक्षा, घर और स्वास्थ्य से जुड़े खर्चकृइन सबका दबाव व्यक्ति को चिड़चिड़ा बना सकता है।
कई बार समस्या आर्थिक होती है, लेकिन उसका गुस्सा रिश्तों पर निकलता है।पति काम के तनाव में है तो पत्नी से ठीक से बात नहीं कर पाता। पत्नी घर और नौकरी के दोहरे दबाव में है तो बच्चों पर झुंझला सकती है। बच्चे माता-पिता के तनाव को देखकर अपने कमरे में चले जाते हैं। इस तरह एक समस्या दूसरी समस्या को जन्म देती है और परिवार में भावनात्मक दूरी बढ़ती जाती है।
इसलिए परिवार में आर्थिक समस्या होने पर एक-दूसरे को दोष देने के बजाय ’’समस्या के सामने एक टीम की तरह खड़ा होना’’ अधिक जरूरी है।
दूरी कम करने की शुरुआत कहाँ से हो?
परिवार में अपनापन वापस लाने के लिए किसी बड़े बदलाव की आवश्यकता नहीं है। शुरुआत छोटी हो सकती है। रोज कम से कम कुछ समय ऐसा हो जब परिवार के सदस्य मोबाइल और अन्य स्क्रीन से दूर रहकर एक-दूसरे से बात करें। सप्ताह में एक दिन साथ भोजन किया जाए। पति-पत्नी केवल जिम्मेदारियों पर नहीं, अपने मन की स्थिति पर भी बात करें। माता-पिता बच्चों से केवल यह न पूछें कि “कितने नंबर आए?”, बल्कि यह भी पूछें- “तुम्हें किस बात की चिंता है?” बच्चे भी माता-पिता की व्यस्तता और संघर्ष को समझने की कोशिश करें। बुजुर्ग अपने अनुभव साझा करें, लेकिन हर निर्णय पर नियंत्रण रखने के बजाय नई पीढ़ी को अपनी राह चुनने का अवसर दें। और सबसे जरूरी- ’’घर में ऐसा वातावरण बने जहाँ कोई व्यक्ति अपनी परेशानी बताने से डरे नहीं।’’
रिश्ते समय से नहीं, ध्यान से मजबूत होते हैं
हम अक्सर कहते हैं कि हमारे पास परिवार के लिए समय नहीं है। लेकिन कई बार असली समस्या समय की मात्रा नहीं, ’’ध्यान की गुणवत्ता’’ होती है। किसी अपने व्यक्ति के साथ दस मिनट पूरी तरह उपस्थित रहना, कई बार उसके साथ एक घंटे बैठे रहने से अधिक महत्वपूर्ण हो सकता है। जब कोई परिवार का सदस्य बात कर रहा हो तो मोबाइल नीचे रखना, उसकी आँखों में देखकर सुनना, तुरंत निर्णय न देना और उसकी बात को महत्व देना- ये बहुत छोटी बातें लग सकती हैं, लेकिन रिश्तों के लिए इनका महत्व बहुत बड़ा है।
आखिर परिवार को चाहिए क्या?
परिवार को हमेशा महंगे साधन, बड़ा घर या शानदार जीवनशैली नहीं चाहिए। परिवार को चाहिए- ’’विश्वास, सम्मान, समय, संवाद और यह भरोसा कि मुश्किल समय में अपने लोग साथ खड़े होंगे।’’
एक परिवार में सभी लोगों की सोच एक जैसी हो, यह संभव नहीं है। मतभेद होंगे, नाराजगी होगी, कभी-कभी झगड़े भी होंगे। लेकिन मतभेद के बावजूद रिश्ता बचा रहे, यही परिवार की असली परीक्षा है। एक ही छत के नीचे रहना अपने आप में परिवार होने की गारंटी नहीं है। परिवार तब बनता है जब उस छत के नीचे रहने वाले लोग एक-दूसरे के सुख में प्रसन्न हों, दुख में बेचैन हों और परेशानी में साथ खड़े होने को तैयार हों।
आज जरूरत इस बात की नहीं कि हम अपने परिवार को पुराने समय में वापस ले जाएँ। समय पीछे नहीं लौटता और लौटना जरूरी भी नहीं है। जरूरत केवल इतनी है कि ’’आधुनिक जीवन की सुविधाओं के साथ पुराने रिश्तों की गर्माहट भी बची रहे।’’
परिवार में बढ़ती दूरियाँ कम करने के लिए जरूरी है कि सदस्य एक-दूसरे की बात ध्यान से सुनें, साथ समय बिताएँ और अपनी भावनाएँ खुलकर साझा करें।वाक्य कॉपी करें
घर में अलग-अलग कमरे हो सकते हैं, अलग-अलग विचार हो सकते हैं, अलग-अलग सपने हो सकते हैं और अलग-अलग जीवनशैली भी हो सकती है। लेकिन दिलों के बीच दरवाजे बंद नहीं होने चाहिए। ’’क्योंकि मकान लोगों को एक छत के नीचे रख सकता है, लेकिन परिवार उन्हें एक-दूसरे के करीब तभी रखता है जब वहाँ संवाद, सम्मान और अपनापन जीवित रहता है।’’
परिवार का वास्तविक अर्थ और हमारे जीवन में उसका महत्व समझने के लिए आप हमारा लेख परिवार क्या और क्यों? भी पढ़ सकते हैं।


